नेहा और आर्यन एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों के स्वभाव में सादगी और समझदारी थी। काम के सिलसिले में मुलाक़ातें हुईं, दोस्ती गहरी हुई और धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे को पसंद करना शुरू कर दिया। नेहा एक मध्यम वर्गीय परिवार से थी जबकि आर्यन का परिवार शहर के जाने-माने रईसों में गिना जाता था।जब आर्यन ने अपने परिवार में नेहा के बारे में बताया, घर में हलचल मच गई। खासकर उसकी मां, किरण देवी, नेहा के साधारण परिवार से काफी नाखुश थीं। लेकिन बेटे की जिद के आगे उन्हें झुकना ही पड़ा
सगाई के दिन भी किरण देवी और उनकी बेटी, पूजा, रिश्तेदारों के बीच दबी ज़ुबान में नेहा के परिवार की हैसियत का मज़ाक बनाती रहीं।"देखो तो कैसा इंतजाम किया है सगाई का! अपनी नहीं, तो कम से कम हमारी हैसियत का तो ख्याल रख लेते। अगर उनकी बस की नहीं थी तो हमें बता देते ।" नेहा के माता-पिता चुपचाप सब सुनते रहे, नेहा ने भी सबकुछ मुस्कुराकर सहन किया, क्योंकि उसे अपने आत्मसम्मान और प्यार पर भरोसा था।
शादी के बाद भी किरण देवी का व्यवहार नहीं बदला। कभी नेहा की साड़ी को सस्ता बताना, कभी उसके गहनों की तुलना अपनी बेटी के गहनों से करना — ये सब रोज़ की बातें हो गई थीं। नेहा ने सब कुछ शांति से सहा, पर उसका आत्मसम्मान कभी नहीं टूटा।
एक दिन पूजा मायके आई हुई थी। उसी दौरान किरण देवी, पूजा और नेहा शॉपिंग के लिए एक बड़े मॉल गए। मॉल में पहुंचते ही किरण देवी ने फिर से वही पुरानी बातें दोहरानी शुरू कर दीं।"नेहा, तुम्हारी तो आदत ही सस्ती चीज़ें देखने की है, तुम्हारे घर के लोग भी तो ज्यादा महंगे कपड़े कहाँ पहनते हैं। तुम यही लो, तुम्हारी औकात के हिसाब से है।"नेहा ने गहरी सांस ली, लेकिन इस बार वो चुप नहीं रही। उसने शांति से मुस्कुराते हुए कहा,
"मां जी, आज जो भी चीज़ें हम यहाँ से खरीद रहे हैं, वो आपके बेटे की कमाई से नहीं बल्कि मेरी खुद की कमाई से ली जा रही हैं। कहते हुए नेहा ने अपना क्रेडिट कार्ड उन्हें दिखाया। मेरे माता-पिता ने भले ही मुझे बड़ी दौलत नहीं दी, लेकिन इतना आत्मविश्वास और शिक्षा दी है कि मैं अपनी पसंद की हर चीज़ खुद खरीद सकती हूँ — और अगर ज़रूरत पड़ी तो आप सबकी पसंद की भी।"इतना कहते ही नेहा ने पूरे शॉपिंग बिल का पेमेंट अपने कार्ड से कर दिया। उसकी यह बात सुनकर किरण देवी और पूजा दोनों स्तब्ध रह गईं। उनकी आँखों में शर्म और ग्लानि साफ दिख रही थी।
उस दिन के बाद से उन्होंने नेहा के परिवार पर तंज कसना छोड़ दिया। उन्हें समझ आ गया कि असली अमीरी पैसों से नहीं, सोच से होती है। नेहा ने अपने स्वाभिमान और आत्मबल से अपनी जगह बना ली थी — एक ऐसी जगह, जहाँ सम्मान खुद कदमों में आकर गिरता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें